शुक्रवार, 31 जुलाई 2015

चंदा मामा दूर के

आओ कल्पना की उड़ान भरें
अपने कदम चांद पर धरें

चलो परखें चांद की ज़मीन को
आधे अँधेरे आधी रोशनी को

अपना भार चांद पर जांचें
हिरन के जैसे भरें कुलांचें

पहाड़ और पाताल में भागें
कोई पीछे तो कोई आगे

तोडें कीर्तिमान ऊंची कूद के
सब मिल गायें चंदा मामा दूर के











आज का सुपरमैन

मुट्ठी बांधी कस के, ऊपर को हाथ बढ़ाया
उठा शरीर हवा में, लो सुपरमैन आया

उतरा सौवीं मंज़िल पर आग बुझाने
घबराए सहमे लोगों की जान बचाने


गिरते बच्चे को पकडा, उड़ कर दिया सहारा
प्यार से उसे, अचंभित माँ के पास उतारा

कोयला बन गया हीरा, उसकी हथेली में दब कर
टूटते बाँध को बचा लिया, समय पलट कर

आज का सुपरमैन है तीन बातों पर निर्भर
क्लास्सिकल म्यूजिक, कराटे... और कम्पूटर


एक ग्रेजुएट शहर

एक दिन,
अचानक, एक दिन
चल गईँ गोलियाँ
हो गया
एक नेता का ख़ून
मच गयी इलाके में
अफ़रा तफ़री
स्कूल जाते बच्चे, काम पर जाती
डरी, सहमी, बदहवास जनता
भागने लगी इधर उधर

जान बचाने को

अगले सात दिनों तक चलीं …

खद्दर के कुर्तों और टोपियों की नारे-बाज़ी
जुलूस के साथ थे बांस के हाथ

लोहे के माथे और खाकी बदन ।
पन्द्रह दिनों बाद बैठा दिया गया
एक इनक्वाएरी कमीशन
और गाडी लाईन पर... ।

बीते कुछ दिन 
तीन, या शायद चार
एक और भीषण धमाका

आग की ऊंची ऊंची लपटें...
पट गयी ज़मीन कांच मिले ख़ून से
इस बार भी निपट गईँ
कई जानें
हो गईँ बंद बसें , ट्रेनें, दुकानें

लगा कि जैसे, अब 'उनकी' बारी है
...पर दो दिन में
इस बार शायद दो ही दिन में... 
सब सामान्य ।
गाड़ी फिर आ गयी,
लाईन पर
धीरे धीरे, समाप्त हो गयी
शहर की सम्वेदनशीलता ।
मन को झटक देने वाली
उत्तेजित करने वाली
शर्मिंदा करने वाली

हो गई समाप्त
हर बात 
शायद यही है 
एक शहर का 
ग्रेजुएशन ...

फिल्मी फिलोसोफी

कई वर्ष पहले इस कविता की पहली दो पंक्तियाँ मेरे एक मित्र, स्वर्गीय विभूती नाथ झा ने मज़ाक-मज़ाक में कह दीं थीं। इन्हें सुन कर सबको बड़ा मज़ा आया। मैंने सोचा कि ये लाईने भले ही हलकी फुल्की लगती हैं पर इनके अन्दर एक अलग तरह का वज़न है। इसलिए मैंने इन लाइनों को आगे बढ़ाने की सोची... तो ये रही मेरी कोशिश:

नहीं चाहिऐ डिज़ोल्व कभी भी मुझे,
ए मौत जब भी आना, कट से ही आना।

शूटिंग, एडिटिंग, हाई बैंड, बीटा,
किसी को लो बैंड से नीचे ना गिराना।

अगर मुक्कदर में फेड आउट ही लिखा हो,
ओटो-एडिट से है मुश्किल, पता लगाना।

मीटर की पीक पर हमेशा नज़र रहे,
नामुमकिन है डिस्टौरशन को ठीक कर पाना।

हम जानते हैं कितना जानते हैं हम, फिर भी,
नशा देता है टाइटल्स में अपना नाम आना ।

दुनिया में इन-आउट मार्क सभी के हैं 'दोस्त',
मेरी शॉर्ट फिल्म को ज़्यादा लंबी मत बनाना।


उचित जीवन

ये जो जीवन है 
जीवन में जो संतोष है 
संतोष में जो आनंद है 
सुख है 
उस सुख से मानव विश्वस्त रहता है 
आतंरिक विश्वास भय को दूर करता है
निर्भयता और विश्वास से मानव सही निर्णय करता है
जो सही निर्णय करता है वो जीवन में सदैव आगे बढ़ता है
आगे बढ़ना ही सफ़लता है
सफ़लता सुखी जीवन की कुंजी है
वो जीवन जिसमें संतोष है...

गुरुवार, 30 जुलाई 2015

एक सवाल

जिंदगी एक सवाल है
एक टेढ़ा सवाल

'?'
बिल्कुल ऐसा, टेढ़ा
जैसे किसीकी झुकी हुई गर्दन
इस सवाल का जवाब
ढूंढते ढूंढते
सोचते सोचते
एक ही जगह अटक गयी हो
उस सवाल की तरह ...
सब कुछ टेढ़ा है इस जिंदगी में 
इसलिए जब कुछ ऐसा
'!'
सीधा सादा मिल जाता है
तो विचित्र सा लगता है
... अचरज होता है!












ख़ाली पन्ने

ख़ाली  पन्नों की तरह दिन पलटते जा रहे हैं,
ख़बर नहीं के ये, रहे हैं या जा रहे हैं।

किसी रोज़ के चेहरे पर कोई नयी कहानी नहीं,
बस वही एक खामोश दास्ताँ दोहराए जा रहे हैं।

सुबह का उजाला करता है सबके दरवाज़े रोशन,
हमारी जिंदगी में तो बस तारीखें बदले जा रहे हैं।

चंद चाहनेवाले, कुछ यार-दोस्त और ढेर से ख़ैरख़्वाह,
पहुँच गए बहुत ऊंचे, अब पहुँच के बाहर होते जा रहे हैं।

समझ नहीं आया कहाँ भूल हुई, कैसे अटक गई गाड़ी,
दुनिया की भागमभाग को हम खिड़की से देखे जा रहे हैं। 

कहा वाइज़ ने अच्छे दिन तो कब के आ चुके 'दोस्त',
पर उन्हीं के इंतज़ार में हम बरसों गुज़ारे जा रहे हैं।

कभी कभी...

कभी कभी मेरे दिल में ख़याल आता है 
कि जीवन के सफ़र में राही,
मिलते हैं साथ निभाने को 
जीवन भर ना सही
कुछ पल की खुशियाँ बढाने को
मंज़िल तक न सही,
कुछ क़दम साथ निभाने को

जीवन की खुशियों के साथ 
झूम झूम के नाचो गाओ
जो चला गया उसे भूल जाओ 
क्या पता इस साथ का मीठा स्वाद
आगे चल कर कड़वा हो जाये
इसकी महक बदल जाये

जो हो रहा है, सही हो रहा है 
जो होगा वो भी सही होगा 
इस सच से दोस्ती कर लो
तो ग़मों के सारे अफसाने,
अफसाने ही रह जायेंगे 
इस पुराने गीत की तरह -
'जीवन के सफ़र में राही
मिलते हैं बिछड़ जाने को'



बुधवार, 29 जुलाई 2015

चलो एक बार फिर से...

चलो एक बार फिर से हमसफ़र बन जाएँ हम दोनों

न मैं तुमसे कोई उम्मीद रखूँ अजनबीपन की
न तुम मेरी तरफ देखो, देखा हो जैसे ग़ैरों को
न मेरे पैर डगमगाएं साथ चलने में
न आँखें झुक जाएँ तुम्हारी, राह में मिल के
चलो एक बार फिर से...

तुमको नहीं उलझन अपनी ख़ाली ज़िन्दगी से
न कोई परेशानी मुझे अपने पत्थर दिल से
पर चले थे साथ तो शायद कुछ और भी चल लेते
अपने बीच उन बुझे दियों को रोशन कर देते
चलो एक बार फिर से...

ख़तम होने लगे रिश्ता तो उसको रोकना बेहतर
ज़िन्दगी बोझ बन जाये तो उसको बांटना अच्छा
ग़ज़ल जो बीच में ही रह गयी थी आधी अधूरी सी
उसे एक खूबसूरत शेर दे कर छोड़ना अच्छा
चलो एक बार फिर से...



राजू को नींद आयी


मैं ये सोच कर एक बाग़ में रुका था
कि कुछ देर रुक कर सुस्ता सकूंगा
बगीचे की
ठंडी हवा थी सुहानी
कुछ देर शायद सो भी सकूंगा
भटकते हुए मुझको दो दिन हो गए थे
खाना न सही, आराम तो मिलेगा
मगर उसने देखा, वो नजदीक आया
'सोना यहाँ मत', ये सुनके घबराया
थी उसकी आवाज़ भारी, फिर भी वो चिल्लाया
वक़्त की नज़ाकत को ज्यों ही मैं समझा
जल्दी से उठ के खड़ा हो गया मैं
खड़ा हो गया मैं
दफ़ा हो गया मैं
दफ़ा हो गया मैं

मंगलवार, 28 जुलाई 2015

इश्क, एक ख़याल से

मैंने शायद तुम्हें पहले भी कभी सोचा है 
अजनबी तो हो
मगर इसी दिल में कहीं रहती हो
अनकही भी हो
पर मेरी ग़ज़ल लगती हो
वाकिफ हूँ मैं तेरी महकती घनी जुल्फों से 
जिनकी खुशबू मेरी साँसों में घुली हैं
जिनके अँधेरों से मेरी रातें बनी हैं
देख कर तुमको
किसी मूरत की याद आती है
एक ख्याल की जिंदा
सूरत नज़र आती है

याद है मुझे आज भी
उस दिन का वो अँधेरा पहर 
हाथों की मज़बूत पकड़
और उनके छूटने का डर

ये तो होना ही था
अब न तो तुम हो
न है तुम्हारा साथ
मेरा ख़ाली हाथ ढूँढ़ता है
वो  नर्म हाथ ...

शायद इश्क था मुझे
इस ख़याल से

मेरे ख़याल से

डर नूतन से

ठीक है, ठीक है, माना  । क्या  माना ? यही, कि जनाब ने मुझे बुलाया नहीं था  । तो फिर ये टटपुँजिया सा वाहन लेकर यहाँ क्यों तशरीफ़ लाये हैं? क्या...