शनिवार, 17 अक्टूबर 2020

न कारवां है न ग़ुबार है

मैं भी अपने नये-नये दिनों में
जुड़ा था एक, कारवाँ से 
मेरे लिए वो पहला ही कारवाँ था 
मैं जुड़ा था जिससे
जब मैंने उसे नज़दीक से देखा
तो मैं उसे देखता ही रह गया था 
वो इतना बड़ा, इतना ऊंचा और इतना सुंदर था
सुना वो कई मंज़िलें तय कर चुका था 
उस वक़्त मैंने सोचा था 
कि मेरे जैसे आम इंसान को ये कैसे देखेगा  
कैसे देख सकेगा 
इतने ऊंचे और बड़े कारवाँ को 
मैं दिखाई भी दूंगा या नहीं ...

मैं घर आ गया 
पर... अगले दिन फिर वहां गया 
उस कारवां के इर्द-गिर्द घूमा 
फिर एकाएक ऐसा लगा
कि शायद मैं इसको,
या इसकी किसी चीज़ को, 
बचपन से जनता हूँ 
पहचानता हूँ 
आज कारवां की खुशबू भी अच्छी थी
कहीं से संगीत सुनाई दे रहा था  
शायद कोई गा रहा था 
हर कोई किसी न किसी काम में मस्त था 
ख़ुश था 
खिड़की से किसी ने हाथ हिलाया 
फिर अंदर बुलाया 
पानी पिलाया चाय भी पिलाई 
अब तो मुझे वो सब सीधे-सादे ही लगे 
काफी कुछ मेरे जैसे 
एक ने कहा कहाँ रहते हो 
मैंने कुछ कहा 
तो उसने कहा, यहीं रह जाओ 
मैं मुस्कराया और सोचने लगा  
अरे हम लोग हमेशा एक नयी मंज़िल की तरफ चलते हैं
नए शहरों नए घरों में रहते हैं 
नए-नए घर बनाते हैं  
नए गीत बनाते और गाते हैं 
ये बात मुझे बेहद पसंद आयी 
तुम भी हमारे साथ कई मंज़िलें देख सकते हो  
मेरे भी वो दिन थे 
वो वाले दिन, जब जोश होता है 
हिम्मत होती है 
और ऐसे कारवाँ 
दुनिया में कम ही होते हैं 
अगले ही दिन 
मैं अपनी पोटली ले कर वहां पहुँच गया ...
वो मेरा इंतज़ार ही कर रहे थे 
ये देख कर बेहद अच्छा लगा 

फिर मुझे याद नहीं
हमने कितनी मंज़िलें पार कीं 
कहीं रुके या 
बिना रुके ही बढ़ते गए 
बढ़ते गए ...

ख़ैर जनाब वक़्त बदलता है 
चीज़ें बदलती हैं 
सुंदरता कम हो जाती है 
चाल धीमी हो जाती है 
नयी मंज़िलों की ख़्वाहिश भी कम हो जाती है 
कारवां भी रुक रुक के चलता है 
कई लोग दूसरे कारवां ढूंढने लगे थे  
अब मैं भी उसे कुछ दूर से देख रहा था 
उसकी शक्ल अलग सी हो गयी थी 
वो भी मुझे पहचानने, समझने की कोशिश कर रहे थे 
मेरे भाव पढ़ रहे थे

मुझे याद है जब ये कारवां चलता था 
तो कितना ढेर सारा ग़ुबार उठता था 
और कितना ऊंचा जाता था 
उस ग़ुबार का भी एक नशा था 

कहते हैं, "मैं अकेला ही चला था 
जानिबे मंज़िल मगर 
लोग साथ आते गए कारवां बनता गया"...

अब मैंने इस ख़्याल का उल्टा प्लैबैक होता देखा है 
'दोस्त' साथ छोड़ते गए 
कारवां गुम होता गया
अब न तो वो कारवां है 
न ही कोई ग़ुबार ...




गुरुवार, 15 अक्टूबर 2020

लेखक - पागलपन

"ठीक है। मैं जा रहा हूँ नहाने। अब तब तक मुंह नहीं दिखाऊंगा जब तक पूरी तरह साफ़ सुथरा ना बन जाऊं। कसम खा ली है। भूल चूक माफ़। समझ लो अब तो दीवाना निकल पड़ा है कमर में तौलिया बाँध कर। मुझे रोकने के बारे में तो सोचना भी मत। पीछे मुड़ने का कोई रास्ता नहीं है। मैंने पूरी सफाई करने की ठान ली है। खुद की सफाई को हम हरगिज़ भुला सकते नहीं, ठन्डे पानी से नहा सकते हैं लेकिन वापस आ सकते नहीं। "

***

वो तौलिया बांधे वापस लौटा।

"मैं आ गया।  कहाँ हो भई ?" वो आई और मुझे अजीब नज़रों से देखा। 

"कौन हैं आप "

"अरे मैं ! याद नहीं ये तौलिया ? इसी में तो मैं गया था। "

"माफ़ कीजिये शायद आपसे भूल हुई है। वो तो इतने साफ़ कभी नहीं दिखते। आप पड़ोसी की घंटी बजा कर पूछ लीजिये अगर वो आपको पहचानते हैं।"

"क्या ग़ज़ब कर रही हो मैं उनसे क्यों पूछूं ? अरे रुको।  ये मैं ही हूँ। ये देखो कंधे पर ये निशान।"


"अरे ऐसे निशान तो कितनो के देखे मैंने।"

"क्या कहा? कितनो के !"

"हाँ वही तो कहा मैंने।"

"अच्छा सुनो सुनो, तुम्हें याद है जब हमने एक फिल्म देखने का प्लान बनाया था पर जा नहीं पाए। याद आया? और फिर पिछले महीने हम महाबलेश्वर जाने वाले थे पर टिकट नहीं मिले। ये सारी प्यार भरी बातें तुम्हें बिलकुल याद नहीं ?"

"क्या तुम उस मराठी कॉमेडी फिल्म की बात कर रहे हो जो हम देख नहीं पाए ?"

"हाँ हाँ वोही। वही हूँ मैं। क्या यार तुमने तो टेंशन में डाल दिया था। अरे ठीक है अब रोओ मत। ग़लती इंसान से ही होती है।  जो हुआ सो हुआ।  देखो न कितने आंसू बहा दिये। आओ इस तौलिये से पोंछ दूँ।"

"क्या!! तौलिये से, नहीं नहीं रहने दो , मैं टिशू ले लूंगी।"

लेखक

"साब आज इधर वाली टेबल ले लीजिये"

"ठीक है... कोई ख़ास आने वाला है क्या ?"

"अरे वही मालिक के रिश्तेदार... फिर से"

"कोई बात नहीं, ज़रा वो ऐश ट्रे दे देना  

पानी थोड़ा दूर ही रखो 

कहीं हाथ लग गया तो इस कंप्यूटर की मौत समझो

और इसकी मौत से पता नहीं कितनी ज़िंदगियाँ उलझी हुई हैं

नहीं कुछ पूछना मत

मतलब चाय कॉफी के लिए

मैं ही बुला लूँगा

ये पंखा कितनी आवाज़ करने लगा है ना आजकल

इसमें थोड़ा तेल डालने की ज़रुरत है

देखो न कितनी खचर खचर कर रहा है

अब ऐसे में रोमांटिक मूड बने तो कैसे बने

कल हीरो ने लड़की को पिक्चर के लिए राज़ी कर लिया था

इतने इस पंखे के शोर में तो दोनों को मोटर बोट में भेजना पड़ेगा

खचर खचर खचर खचर

चलो यार चाय ही ले आओ

और सुनो... वो समोसे, कबके ताज़े हैं?

अगर परसों तक के हैं तो एक ले आओ

दो हरी मिर्चों के साथ 

और अपना वो पीले रंग का टोमेटो सॉस मत भूलना

चाय मक्खी के बग़ैर हो तो बेहतर होगा

अरे सुनो सुनो... इतनी जल्दी भी क्या है

जब तक चाय ठंडी होती है न्यूज़ पेपर दे जाओ

... भई वाह आज तो चाय खासी गरम है

ये लो एक बेहद ज़रूरी बात तो हम भूल ही गए

बाहर हमारी साइकिल खड़ी है

उसपे नज़र मारते रहना

हाँ अब मन को शांति मिली

टपरी के कोने पे हीरो हेरोइन एक कटिंग चाय आपस में शेयर कर रहे हैं

अब 'दोस्त' इतने झंझट में रोमांटिक सीन 

इससे ज़्यादा रोमांटिक नहीं हो सकता

क्या ख़याल है आपका

ये दुनिया जो हम देखते हैं

लोगों को आते जाते

खाते पीते झगड़ते बतियाते

कुत्ते बिल्लियां चूहे छछूंदर

गौरैय्या बुलबुल कौव्वे कबूतर 

आसमान में उड़ते चील, बाज़

उड़ती पतंग हवाई जहाज़

समंदर तालाब नदी नाले

लिखने वाला पढ़ने वाले ...

किसीने कहा ये सब मिथ्या है

है कुछ नहीं, बस हमने सोच लिया है

अगर मेरी कल्पना में नाव कभी आयी नहीं

तो आंखें उसे देख न पाएंगी कभी...

तुम मेरे सामने हो या मेरे ख़याल में हो

या मेरे ख़यालों की वजह से सामने हो

मैं भी शायद एक ख़्याल हूँ  

पर मैं जैसा हूँ वो अपने ख़्याल से हूँ...

क्या तुमने मुझे जैसा सोचा था, वैसा मैं हूँ?

अगर नहीं तो तुम मेरे बारे में अपने ख़्याल बदल के मुझे बदल दो 

मैं भी शायद अपने ख़्याल बदल के तुमको बदल दूंगा

हर एक का अपना ख़्याल है, अपनी दुनिया है


आख़ीर में 
ग़नीमत है 'दोस्त' ये दुनिया, ख़्याली दुनिया है




रविवार, 1 सितंबर 2019

दर्द सुकून का

पहले हर दर्द से डर लगता था 
अब लगता है ग़लत लगता था
 
अब तो दास्तान-ए-दर्द के दीवान पढ़े जाते हैं 
तब बड़ी मुश्किल से एक पन्ना पलटता था 

बहुत कुछ मिला उससे, मेरी ख़ुशनसीबी 
ग़र वो ख़ुद मिलता तो मेरा नसीब खुलता था 

सारी दुनिया में पर्त दर पर्त मैंने ढूँढा उसे
किसी पर्त में तो मिल जायेगा ऐसा लगता था 

एहमियत ख़त्म हो गयी हर सुकून, हर दर्द की
पहले हर नफ़े नुक़सान का हिसाब रखता था 

मिट गयीं सरहदें सुकून और दर्द की 'दोस्त' 
पहले सुकून में भला, दर्द में बुरा लगता था

शनिवार, 16 मार्च 2019

पता नहीं क्यों

दूर वो जो पर्दा दिखाई देता है
उस के पीछे कोई बैठा लगता है
कभी कभी वो परदे पर एक अक्स छोड़ देता है
पर कभी दिखाई नहीं देता
मैंने तो उसे कभी देखा नहीं
नहीं, असल में किसी ने भी नहीं
कौन होगा वो
और वो वहां क्यों छुपा बैठा है
क्या उसे दुनिया की ज़रुरत नहीं है
या शायद वो दुनिया से छुप रहा है

आज मैंने दूर से देखा
कुछ दूरी पर लोगों का एक झुण्ड था
वो सब उस परदे की ओर देख रहे थे
ज़ोर ज़ोर से बातें कर रहे थे
हाथ हिला-हिला कर इशारे कर रहे थे
ऐसा लगा कि वो आज तो इस पर्दे का
पर्दा फाश करके ही रहेंगे
मैं उनके नज़दीक गया
उन सबकी मिली-जुली आवाज़ों से कुछ समझ न आया
फिर मैंने एक के कंधे पर हाथ रखा
कोई फायदा नहीं हुआ
दूसरे का हाथ पकड़ के उसे टोका
तो वो दूसरा हाथ हिलाने लगा
फिर मैंने उसे अपनी ओर खींचा
उसने बेहद अजीब नज़रों से मुझे देखा
"क्या चाहिए", वो बोला
मैंने कहा, "ऐसा भी क्या हो गया
इस परदे का किस्सा तो पुराना है"
"अजी जनाब आपको पता नहीं,
उस परदे के पीछे एक नहीं दो लोग हैं"
ज़हन में एक बिजली सी चमकी
दो लोग!
कैसे? किसने देखा ?
सबने देखा
पहले एक का सर ऊपर आया
फिर छुप गया
फिर दूसरे का
और वो भी नीचे बैठ गया
दो लोग!
कोई बोला "मुझे पता है दूसरा सर किसी औरत का है,
दोनों एक साथ ऊपर नहीं आते"
जैसे वो साथ दिखाई नहीं देना चाहते
किसी को नहीं, कभी नहीं



सोमवार, 11 मार्च 2019

शायद... तुम्हें पता हो

हुई मुद्दत
कि वक़्त थम गया
और छोड़ गया तुम्हारा अक्स
मेरे चेहरे के सामने
मेरी बंद आँखों में...

इस अक्स के पीछे का चेहरा
हँसता मुस्कराता बातें करता
सीधे मेरी आँखों में देखता...
अब दिखाई नहीं देता
वो आवाज़ अब सुनाई नहीं देती

हाँ पर...
अब भी कभी कभी
मेरी हथेली पर पसीने की
एक हलकी सी पर्त का एहसास होता है
'दोस्त' वो पसीना आज भी

दो हाथों का मालूम होता है

शायद...
तुम्हें पता हो






रविवार, 10 मार्च 2019

भागम भाग

हम्! मैं आज की दुनिया के बारे में सोच रहा था.
कितनी भागम भाग है ना. और ये भागम भाग बढ़ती ही जा रही है. भागने की स्पीड भी तेज़ होती जा रही है. दुनिया वाले इस दौड़ को और भी तेज़ करने की होड़ में लगे हैं. तेज़ कारें, तेज़ ट्रेनें, मेट्रो रेल, ऐअरकण्डीशनएड बसें, फर्राटे से भागती कारें, मोटर साईकलें.

किसीको याद नहीं कि जब वो स्कूल में थे तो उनके पिताजी दोपहर का भोजन करके 
शांति से ११ बजे घर से निकलते थे. ट्रेन में अपने दोस्तों के साथ गपशप मारते हुए ऑफिस पहुँच जाते थे. और फिर शाम को शांत स्वाभाव से मुस्कराते हुए वापस आते थे।

हाँ "शांत", ये एक ऐसा शब्द है जो अब कोई बोलता नहीं। तो शांति से जीने का कैसे सोचेगा। 'शांति' शब्द का जीवन में प्रयोग कम होता जा रहा है. शायद अब ख़तम ही होने वाला है. अगर लोग चाहें तो अपना सारा काम शांति से कर सकते हैं, पर अब सबको भागम-भाग ही भली लगती है.

मैं अपना उदहारण दूँ तो मैं हफ्ते में २ या ३ बार मुंबई शहर जाता हूँ, पेडर रोड. इसमें मुझे तीन तरह के वाहन बदलने पड़ते हैं. पहले मैं अपने घर से मेट्रो ट्रेन लेता हूँ. जो घर से करीब ३५७ मीटर दूर है. वहां से अंधेरी स्टेशन तीन स्टॉप के बाद आता है. वहां मुझे लोकल का टिकट लेना पड़ता है. तो मैं 'वापसी' टिकट ले लेता हूँ, चर्चगेट का. ग्रांट रोड उतर कर मैं एक बस या शेयर टैक्सी लेता हूँ जो मुझे पेडर रोड पर उतारती है. वहां से भी कुछ २०८ मीटर चल कर मैं फिल्म्स डिवीज़न के अंदर पहुँच जाता हूँ.

अब क्योंकि तीन तरह के ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना होता है, तो मैं अपने पास आधा घंटा ज़्यादा रखता हूँ. और जल्दी पहुँचने पर इस समय का सदुपयोग दोस्तों से फोन पर बातचीत करके हो जाता है. असल में जहाँ तक हो सके मैं पूरे रास्ते ही फ़ोन पर बात करता हूँ. हाँ कभी कभी लोकल ट्रेन में बहुत शोर होता है. इसलिए कुछ समय बातचीत रोकनी पड़ जाती है... उस समय व्यवधान के लिए खेद हो जाता है.

तो कहने का तात्पर्य ये है कि इस भागम भाग की ज़िन्दगी को भी आसानी से, 
जिया जा सकता है. जो कुछ भी करना है उसे प्यार से, आराम से शांति से कर लो ना. परेशान हो कर वही काम बेहतर नहीं होने वाला है.

आगे तुम जानो और तुम्हारा काम.



गुरुवार, 22 नवंबर 2018

अनंत निरंतर गीत

गाता हूँ एक गीत पुराना
बेहद पुराना
पुराणों से भी पुराना
ऋग वेद के सूक्तों से अनजाना
आओ सुनो ये गीत पुराना

शायद मैं कोई ग़लती कर जाऊं
एक वाक्य या शब्द भूल जाऊं
पर गीत के भाव नहीं बदलेंगे
भाव जो ऋषियों ने इसमें भरे हैं
वो भावनाएं नहीं बदलेंगी
जैसे जन्म का आनंद
देहांत का दुःख
नहीं बदलते
वैसे ही इस गीत के भाव अमिट हैं
हो सकता है बहुत दूर कहीं
कोई इन शब्दों को न समझे
पर ऐसा कोई न होगा
जो इन भावनाओं को न जानेगा

जन्म का आनंद
देहांत का दुःख
साधुओं का वो ही गीत मैं दोहराऊंगा
जाने वाले के लिए गाऊंगा

आपको भी सुनाऊँगा
इस गीत की गाथा है बहुत लम्बी
हमारे आपके जीवन से लम्बी
जीवन से भी लम्बी
हर जीवन का गीत अलग है
शब्द, सुर और धुन अलग है
इसीलिए गीत बेहद लम्बा है
पर ये आज का गीत है
हमारे इस दोस्त के लिए
इसके खूबसूरत जीवन के लिए
और जीवन के... अंत के लिए
इसके इस सुंदर जीवन के मैं आज
कुछ ही पन्ने ही गा पाऊंगा
पलटूँगा पन्ने धीरे धीरे
गाऊंगा गीत धीरे धीरे
आत्मा विदा लेगी धीरे धीरे
वो हम सबको ध्यान से देख ले
हम सबकी आँखों के आंसू सोख ले
बच्चों का रोना सुन ले
माँ बाप की सिसकियों को समझ ले
उसकी आत्मा सबके पास जाएगी
हर मित्र का चेहरा देखेगी
दूर दूर के लोगों को धन्यवाद् देगी

आत्मा को पता है कि ये गीत है कितना पुराना
जब ये गाँव नहीं था
घर नहीं थे
शायद ये सब जंगल था
रास्ता नहीं था
कोई आता-जाता नहीं था
किसी साधु ने इसे गाया होगा
जब उसका कोई अपना स्वर्ग सिधारा होगा
उसके लिए गाया होगा ये गाना
पर सच पूछो ये गीत है उससे भी पुराना
जब वो साधु संत भी नहीं थे
चारों ओर था बेहद तेज़ प्रकाश
हवा में तैर रहे थे पहाड़
चमकते सितारे और घूमते गृह
मानो हवा में आग के गोले थे
वो गोले कभी लाल थे कभी नीले थे
हरे कभी बैंगनी थे
पर उस दृश्य को देखने वाला कोई न था
उस गरम गोले पर रहने वाला कोई न था

फिर आयी एक छाया
एक बहुत बड़ी छाया
दूर दूर तक तक फैलती
आसानी से आसमान में तैरती
वो फैल गयी पूरी धरती पर
फिर धीरे धीरे
धरती की आग हुई ठंडी
धीरे धीरे
फिर उस छाया से पानी निकला
पानी से धरती का रंग निखरा
घास उगी तालाब बने
फूल खिले उनके बीज बने

तालाब में आई मछली
पहाड़ से नदी उतरी ...

तुम ये सब छोड़ के चले गए 'दोस्त'
अब जाओ सितारों और ग्रहों में घूमो
उन संतों से मिलो जिन्होंने ये गीत लिखा
जनम और मरण का संगीत लिखा







बुधवार, 31 अक्टूबर 2018

ग़ज़ल और हार

सोचता हूँ चंद शेर कहूँ
चंद... से मक़सद है कि
कम से कम इतने तो हो जाएं
कि एक ग़ज़ल की माला अपने गले में पड़ जाये
चलो ग़ज़लों की रवानगी न हो सके, न सही
एक नज़्म की नज़ाक़त ही हाथ लग जाये

चलिए पहले मुद्दा तो ढूंढ लें
जनाब शायद आप मतले की बात कर रहे हैं
मुआफ करें क़िबला... आपने सही फ़रमाया
मतला, मतला --

ख़ैर तो एक बार फिर
काम आएगी ज़िन्दगी,
ज़िन्दगी जो मक़्ते तक पहुँच गयी है
या पंहुचा ही चाहती है 
कितना कुछ है इसके दामन में
इश्क़, जुदाई, मिलन, खुशियां
हसरतें, लालच, चोटें, सुबकियां
कुछ सख़्त हिदायतें, चंद ट्रॉफियां
और भी बहुत कुछ...
अब कोशिश शुरू की जाये
तो जनाब मुलाहज़ा हो जाए --

वो कल मिले और आज बिछड़ गए
वो कल मिले और आज बिछड़ गए

पर मैंने मुक़र्रर तो सुना ही नहीं
जी शायद सुनाई नहीं दिया होगा
यहाँ शोर भी बहुत है
है ना
ख़ैर ग़ौर फरमाएं

वो कल मिले और आज बिछड़ गए
इतनी जल्दी जनाब के तेवर बदल गए

शुक्रिया शुक्रिया... आदाब

वो कल मिले और आज बिछड़ गए

इतनी जल्दी जनाब के तेवर बदल गए
अरमानों पर मेरे बादल घिर आये
मुझसे क्या ग़लत हुआ कोई बतलाये
ये बिला वजह था, यही कह जाये
जो अब तक न हुआ वो हो जाये
कोई नयी नवेली ही घट जाये
पुराना सब कुछ दफ़्न हो जाये
अच्छे वक़्त का बीज जम जाये
और बुरे दिनों पर मिट्टी पड़ जाये --

जी अब ज़रा सोचने के लिए वक़्फ़ा --
म्यां ज़रा वो पानी का प्याला इधर सरकाना
शायद इसीको पानी मांगना कहते होंगे

ग़र कुछ देर और ये सिलसिले चल जाते
तो 'दोस्त' इनमें कुछ और शेर जुड़ जाते
हमने ग़ज़लों के पैगम्बर का क्या बिगाड़ा था
हार नहीं मांगी, ग़ज़ल का हार माँगा था।

अगर आपको पसंद न आई तो क़ुसूर आपका नहीं है








सोमवार, 4 जून 2018

ग़ालिब और मैं

ये न थी हमारी क़िस्मत, कि विसाले यार होता
शुक्र है ना तुम पहुंचे, वरना हम पर ही इल्ज़ाम होता

तेरे वादे पर जिए हम, तो ये जान झूठ जाना
तुम पर भी भरोसा होता, जो दूसरों पे किया होता

कोई मेरे दिल से पूछे, तेरे तीर-ए-नीमकश को
धरा रह जाता तीर तेरा, जो मेरा निकल गया होता

कहूँ किससे मैं की क्या है, शब-ए-ग़म बुरी बला है
ग़र दिन में विसाल होता, तो ज़िक्र-ए-शब-ए-ग़म न होता

ये मसाइले तसव्वुफ़ ये तेरा बयान 'ग़ालिब'
तुझे हम 'दोस्त' समझते जो न हरजाई होता



डर नूतन से

ठीक है, ठीक है, माना  । क्या  माना ? यही, कि जनाब ने मुझे बुलाया नहीं था  । तो फिर ये टटपुँजिया सा वाहन लेकर यहाँ क्यों तशरीफ़ लाये हैं? क्या...