रविवार, 29 अक्टूबर 2023

कुछ अनमोल पल

एहसास की रोशनी

एकाएक एक दिन

कर गयी रोशन 

इस दिल के कुछ ख़ाली अँधेरे खाने 

पुरानी बंद किताब के पन्ने 

काफी अजीब लगा 

बहुत सारी पुरानी चीज़ें,

चेहरे, लोग, बातचीत

एक नया शहर, नया घर, नया कमरा 

नई ज़िन्दगी, नई नौकरी, नई बेकारी

हाँ, नए परिवार में चंद पुराने दोस्तों ने माहौल बदल दिया 

हाथ मिलाना गले लगना शोर मचाना 

"अरे तुम भी ! यहाँ?  वाह मज़ा आ गया।"

इतना जाना पहचाना तहलका

जैसे बीच समुद्र एक हरा भरा द्वीप मिल गया हो 

मेहमान अभी कमरे के दरवाज़े पर ही था 

अंदर संदूक रखने का भी मौका नहीं मिला था 

शोर भी बंद नहीं हुआ था


उस परिवार के साधारण से लोग चारों ओर खड़े थे 

इस हंगामे के मज़े ले रहे थे 

भरा पूरा परिवार था 

बा थीं तीन बच्चे और मम्मी पापा 

कुछ मुस्करा रहे थे कुछ हंस रहे थे 

बा को ये सब पागलपन लग रहा था

एक लम्बी सी निक्कर पहने तुकाराम   

एक हाथ से अपनी हंसी छुपा रहा था 

इन सबसे अलग सफ़ेद फ्रॉक में एक बच्ची थी 

भावरहित चुप और शांत

उसका दांया कन्धा दीवार पर टिका था 

पर उसकी बड़ी-बड़ी गोल आँखें 

मेहमान पर टिकी थीं 

मेहमान ने एक सरसरी सी नज़र उस पर डाली 

और देखा कि

उसकी मासूम निगाहें उस पर ही टिकी थीं 

ये देख कर मेहमान ने उसे नमस्ते कह दिया 

उस बच्ची को ये पता नहीं था कि

किसी को लगातार इतनी देर तक देखना

मासूमियत की निशानी है

और मेहमान को ये पता नहीं था कि

अपनी ज़िन्दगी के इस बेहद नाज़ुक मोड़ पर

वो कितनी सही जगह आ गया है



बुधवार, 11 अक्टूबर 2023

एक अनजानी वजह

कुछ दिन पहले कुछ बदल गया

आहिस्ता से ...

बेहद आहिस्ता से

कई दिनों तक इसकी ख़बर भी नहीं हुई

लगा ही नहीं कि कुछ बदला है

सब ठीक ही लगता रहा


आख़िरकार जब जो जैसा रहता था

वैसा नहीं रहा

कुछ, जो रोज़ ही होता रहता था

अब नहीं हो रहा

एक अर्से से


मुझे पता है कि अगर कोई चीज़

बहुत धीरे-धीरे बदले तो समझ नहीं आती

पता ही नहीं चलता

लगता रहता है होगा कुछ,

ठीक हो जायेगा


ज़िन्दगी में सब इतने मसरूफ़ हैं

अपनी अपनी उलझनों के साथ

क्या पता किसकी उलझन कितनी मुश्किल है


बातें दो तरह से असर करती हैं

एक; एकाएक कोई बहुत बड़ी बात

या कोई ज़रा सी बात जो धीरे धीरे बहुत दिनों में बदले

ख़ैर, अगर कुछ इतने दिन चला है

तो इसकी जायज़ वजह तो होगी ही

और किसी की वजह पर शक नहीं  किया जाता

किसी की वजह पर शक करने का हक़ किसी को नहीं है

पर सभी अपने तूफानों में उलझे हैं

किसी को नहीं पता कि

कौन कैसे तूफानों से गुज़र रहा है 


... अपने तूफानों को मैं ख़ुद समझ लूँगा



शनिवार, 4 फ़रवरी 2023

सलाह एक दोस्त की

मैं कौन था
और क्या बन गया हूँ
पहले बेहतर था, या अब हूँ
पहले कुछ था भी,
या अभी की तरह ही कुछ नहीं हूँ
अगर कुछ था तो क्या था
और अगर अब कुछ हूँ तो क्या हूँ, कौन हूँ
पर बीच का वो समय
जब मैं कुछ से कुछ और में बदल रहा था
क्या मुझे उसके बारे में नहीं सोचना चाहिए?
वो भी आखिर मैं ही था
वो मेरे ही जीवन का समय था
हो सकता है वो समय ही बेहतर रहा हो
जब मैं बदलाव के तूफ़ानों से गुज़र रहा था
जी, बदलाव
ये शब्द कितना अर्थपूर्ण,
कितना पूर्ण लगता है
अगर चीज़ें बदल नहीं रही हैं
तो वो वास्तव में हैं ही नहीं
वो अस्तित्वहीन हैं
अर्थात शायद जब मैं 'कुछ' बन जाऊँगा
और फिर मेरा बदलना बंद हो जायेगा, 
उस समय निश्चित रूप से
मैं कुछ नहीं रह जाऊँगा
तब मैं समाप्त हो जाऊँगा 
मैं सांस लूँगा, मेरा दिल धड़केगा 
केवल उतना ही 
मेरा व्यक्तित्व समाप्त हो जायेगा 

इसलिए वो बनो
वो जीवन जिओ
जिसमें बदलते हुए समय के थपेड़े हों
उत्सुकता, व्याकुलता, चिंता, घबराहट
जीवन की ऐसी सारी सामान्य बातें
 
राह जीवन है 'दोस्त'
मंज़िल जीवन नहीं है
वो केवल एक पड़ाव है


सोमवार, 2 जनवरी 2023

क्या है वक़्त

कब शुरुआत हुई वक़्त की
क्या ये कहीं छुपा बैठा था
कि एकाएक साथ हो लिया
या ऊपर से टपक पड़ा
और सामने आ गया
वक़्त के पहले कोई ये नहीं सोचता था
कि देर हो गयी
या देर हो रही है
जल्दी चलना पड़ेगा
वरना अँधेरा हो जायेगा
दुकान बंद हो जाएगी
दोस्त के यहाँ खाना ठंडा हो जायेगा
वग़ैरह...
वक़्त की वजह से 
दुनिया भर के झंझट दुनिया के सामने आ गए
क्योंकि अब वक़्त सबके साथ चल रहा है
क्या मुसीबत है
जब हम दोस्त के यहाँ जाते हैं
हमारी छाया साथ-साथ चलती है
वास्तव में वो छाया नहीं, वो वक़्त ख़ुद है
जो हम सबको बता रहा है
जल्दी करो, और जल्दी
या शायद, अब कुछ नहीं हो सकता
गाड़ी निकल गयी
पास की धर्मशाला में रुक जाओ
पर ज़रा जल्दी
वरना आख़िरी कमरा भी बिक जायेगा
छाया की लम्बाई हमें संकेत देती है
कि हमें क्या करना है
और किस गति से करना है
वक़्त दुनिया को चलाता है
हम सब लोगों के ज़रिये

दूसरा दृष्टिकोण


वक़्त की वजह से कई चीज़ें अपने आप भी होती जाती हैं
बोनस की तरह ऑटोमेटिक
अब वक़्त खाली तो बैठ नहीं सकता
रुक भी नहीं सकता
कुछ न कुछ तो करेगा ही बेचारा
आपकी उम्र बढ़ा देगा
कमज़ोरी बढ़ा देगा
बाल सफ़ेद कर देगा
ज़्यादा जोश आया तो बाल ... ग़ायब ही कर देगा
आवाज़ कमज़ोर कर देगा ...
पर ये सब कुछ ग़लत ही करता है
ऐसा भी नहीं है
ये बहुत कुछ सही भी करता है
आपका अनुभव और सहनशक्ति बढ़ाता है
बातचीत का तरीक़ा बेहतर कर देता है
सलीक़ा आ जाता है
वक़्त की वजह से शायद
आप सुर में गाने लगें
बेहतर लेखक बन जाएँ
ऐसी ही इधर-उधर की छोटी-मोटी वजहों से
शायद समाज में आपकी इज़्ज़त बढ़ जाये
घर में  मिठाइयाँ आने लगें
हो सकता है आपको कोई पुरस्कार 
मिल जाये

ऐसे ही किसी वक़्त शायद
आप वक़्त को धन्यवाद भी दे दें। 




गुरुवार, 24 नवंबर 2022

मेरी वाली दुनिया

कुछ दिन हुए एक ख़ून हो गया

एक लड़के ने अपनी गर्ल फ्रेंड को मार दिया

जी-जी पता है

ऐसे हज़ारों क़िस्से हो चुके हैं

कुछ प्रेम सम्बन्ध कुछ समय तक चलते हैं 

कुछ ज़्यादा लम्बे भी चल जाते हैं 

पर एक सीमा के बाद हर लड़की शादी चाहती है

अपना परिवार चाहती है

जो कि सही भी है 

पर लड़का तैयार नहीं होता 

ऐसे हालातों में विदाई देने की प्रथा बन चुकी है 

वो... शादी से पहले वाली विदाई 

जी ये सब भी सबको पता है 

कोई नई बात नहीं है

बार-बार एक-सी कहानी पढ़-पढ़ के 

आख़िर आदत पड़ ही गयी थी

कहानी वही होती है 

सिर्फ़ कलाकारों के नाम अलग होते हैं 

शहरों और गांवों के नाम भी अलग होते हैं 

एक जैसे कथानक से फ़िल्में बोरिंग लगने लगती हैं 

मुझे भी इस तरह के समाचारों से दर्द होना बंद हो गया था

आँसुंओं का बहना रुक गया था


पर ये... ये क़िस्सा तनिक हट के निकला 

तनिक नहीं, काफी हट के

जिस तरह उस लड़की की विदाई हुई... तौबा !

क्या मैं किसी दूसरे जहान में पहुँच गया हूँ 

क्या ये सब सिर्फ़ इसलिए किया गया क्योंकि मुझे दर्द नहीं होता था?


देखते देखते वक़्त कितना बदल गया!

दुनिया कितनी बदल गयी 

इतनी दहशत ! इतनी आसानी से?


आप जो भी कहना चाहें, कहें 

पर मैं अब इस दुनिया को नहीं पहचानता

इसे प्यार से अपना नहीं कह सकता

ये दुनिया भले किसी और की हो न हो 

पर यक़ीनन ये मेरी वाली दुनिया नहीं रही



शनिवार, 8 अक्टूबर 2022

हिम्मत

हिम्मत भी क्या चीज़ है
ये इंसान को कुछ करने के लिए उकसाती है
कुछ अलग, कुछ नया, रोमांचक
ऐसा कुछ, जो करने से वो डरता रहा है
घबराता रहा है
उसे ग़ैरज़रूरी बनाता रहा है
भले ही वो चीज़ उसके मतलब की हो
शायद ज़रुरत की भी हो
पर आड़े आ जाती हैं दिमाग़ी कमज़ोरियां,
आम रुकावटें
वैसी ही जैसी हर नुक्कड़ पर दिख जाती हैं;
'शायद नहीं हो पायेगा
अब इतना ज़रूरी भी तो नहीं
लाखों लोग इसके बग़ैर जी ही रहे हैं ना
उनमें मैं भी एक और सही' - इत्यादि

अब एक हीरे को हासिल करने में ऐसी रुकावटें तो आएंगी ही
हीरा आख़िर हीरा है
हीरा आपके अंदर की बात है
अंदर छुपी हुई इच्छाएं और कामनाएं हैं
ये अंदर की बातें हीरे-मोतियों से कम नहीं होतीं
बाहर की बातें और आदतें तो सबको पता हैं
वो दिखाई देती हैं
इसलिए वो साधारण हैं
पर जो अंदर है वो क़ीमती है
वो वर्षों पुरानी उग्र इच्छाएं हो सकती हैं
दबी हुई गहरी हसरतें,
अभिलाषाएं हो सकती हैं
कहते  हैं ना
बंद मुट्ठी सवा लाख की
खुली तो प्यारे ख़ाक की
तो जिसने हिम्मत करके हीरे की तरफ क़दम बढ़ाया,
उसका मूल्य बढ़ गया
चाहे वो हीरा एक नया विचार हो 
कोई नायाब हुनर हो, एक नई तरकीब हो,
नई कसरत, प्राणायाम, नया योगासन
ये सब हीरे आपकी क़ीमत बढ़ा सकते हैं
जीवन को नए मायने दे सकते हैं

पर - सबसे पहले ये निर्णय कर लीजिये
कि आप अपने आज के मूल्य से कितने संतुष्ट हैं
संतुष्ट हैं भी या नहीं
अगर आप इसी से खुश हैं
तो हिम्मत आपके किसी काम की नहीं
रहने दीजिये ये सब झंझट
जैसे अभी तक गुज़री है
बाक़ी भी गुज़र ही जाएगी
हिम्मत को हासिल करना भी एक हीरे को पाने जैसा ही है
और 'दोस्त' हीरे तो हर एक की क़िस्मत भी में नहीं होते



मंगलवार, 2 अगस्त 2022

कौन हो ?

कौन हो भाई ?

इतने धीमे से आकर खड़े हो गए ...

हमारे पीछे 

हमें तो ये भी नहीं पता कि 

पुरुष हो या महिला 

बड़े हो या अभी बच्चे ही हो

पर... जाने क्यों

तुम्हारे पैरों की आहट से

मन को एक अजीब सी शांति मिली है 

जैसे सुकून की हवा एक झोंका मेरे कमरे में आ गया हो 

और उसने मेरे पर्दों 

मेरे बालों, मेरे पौधों 

सबको एक नयी ताज़गी दे दी 

नयी ख़ुशी दे दी 

एक अरसा हो गया था

कि बिना मांगे, या ढूंढें

कुछ अच्छा मिल जाये


बताना चाहोगे, कौन हो तुम ?



रविवार, 5 सितंबर 2021

छाया की क्षमता

दरवाज़ा खुला, फर्श पर एक छाया खड़ी थी
खड़ी? खड़ी नहीं पड़ी थी
मेरा मतलब छाया फर्श पर थी
कुछ देर वो वहीं रुकी
वो छाया
फिर आहिस्ता से हिली
और दूसरे कमरे की तरफ चली
वहां रुकी
छाया का सिर हल्का सा इधर-उधर घूमा
वो कुछ देख रही थी या भांप रही थी
थोड़ी देर में छाया की बाहें हिलीं
फिर इधर उधर घूमने लगीं
पहले ज़रा आराम, से फिर ज़ोर से
थोड़ी देर में वो रुक गयीं
अब उसका सर एक तरफ मुड़ा
फिर दूसरी तरफ
फिर ये सिलसिला शुरू हो गया
दाएं बाएं ऊपर नीचे
फिर गोल गोल चारों ओर
अब सब शांत हो गया
शायद ये काम ख़तम हो गया होगा
छाया के हाथ कमर पर रुक गए
फिर वो एक तरफ मुड़ी और कुछ जांचा
फिर दूसरी तरफ
उसने देखा कि और किस किस की छाया वहां हैं
एक छाया टेबल की है
दो कुर्सियां भी हैं अपनी अपनी छाया के साथ
छाया ने इन छायाओं के बीच की जगह को परखा
सोचा काफी जगह है
और धीरे धीरे टहलना शुरू किया
पहले ज़रा संभल के
आहिस्ता आहिस्ता
फिर तेज़ और तेज़
कई मिनट टहलने के बाद
एक अजीब बात हुई
काफी अजीब
हुआ ये के छाया पर पानी कुछ बूँदें आ गिरीं
पर उन बूंदों की कोई छाया नहीं थी
अगर शायद होगी भी, तो उस वक़्त होगी
जब वो ऊपर से नीचे गिर रही होंगी
अब छाया कैसे सोच सकती है
कि उसके माथे पर भी पसीना आ सकता है

इंसान की जितनी क्षमता और योग्यता है
जितने लक्ष्य वो हासिल कर सकता है
वो उस सबका छाया मात्र ही प्राप्त कर पा रहा है




रविवार, 22 अगस्त 2021

एक चीज़ छोटी सी

क्या दिखता है 
क्या क्या दिखता है 
आँखें खुली हैं
इसलिए जो है सो दिखता है 
पेड़ हैं घर हैं लोग हैं 
कौव्वे गौरैय्या कुत्ते भी हैं 
लोग आ जा रहे हैं 
बतिया रहे हैं 
सिगरेट पी रहे हैं 
जला रहे हैं, बुझा रहे हैं 

दुकानदार पैसे ले रहा है 
वापस कर रहा है 
पैसे कमा रहा है 
उसके पास डबल रोटी अंडे 
टॉफी चिप्स और बिस्किट भी हैं 
वो तम्बाकू वाले मावा के पैकेट भी रखता है 
कई लोगों को हाथ का बनाया मावा पसंद है 
उसपे कोई घिनौनी फोटो नहीं होती
सस्ता भी है और फ्रेश भी 
उसके हाथ काफी जल्दी जल्दी चल रहे हैं 
दो लोग और लाइन में खड़े हैं 
पैकेट लेकर लोग जा रहे हैं 
नए आ रहे हैं 
रेज़गारी डिब्बे में जा रही है 
नोट कहीं और डाले जा रहे हैं 
ये मावा हर कोई नहीं खा सकता 
सिर्फ वो ही जिन्हें इसके नशे की ज़रुरत हो 
या लत हो 
सिगरेट के पैकेट पर एक खतरनाक चित्र है 
मैं उसे देख नहीं सकता 
शायद उल्टी हो जाएगी 
मन परेशान हो जायेगा 
ऐसा पैकेट मेरे हाथ में नहीं है 

पैकेट वाला भयानक चित्र चेतावनी देता है  
कि तम्बाकू खाने वाले कैंसर के शिकार हो सकते हैं 
कुछ कहा नहीं जा सकता
कि ऐसा होता ही है 
या हो ही नहीं सकता 
पर सुना है कि ख़तरा ज़रूर बढ़ जाता है  
हज़ारों लोग हैं जो तम्बाकू नहीं खाते पर उन्हें भी कैंसर हुआ है 
असल में कैंसर को अभी तक किसी ने समझा ही नहीं है 
कहाँ से आता है, क्यों, कैसे
किसे, कब हो जायेगा पता नहीं 
हाँ जब दर्द शुरू होता है 
जो रुकता नहीं और कारण भी समझ नहीं आता 
तो डॉक्टर साहब को हाज़री लगानी पड़ती है 
वो इधर उधर हाथ से दबाता है 
दर्द कहाँ है, पूछता है 
फिर पर्चे पर कुछ दवाइयें लिखता है 
नीचे लिखता है अगर दर्द ठीक न हो तो 
ये वाले हॉस्पिटल जाइये 

कई दिनों बाद 
वहां एक नए पर्चे पर दवाइयों के साथ 
एक्स-रे, कई तरह के स्कैन 
पर्चों पर पर्चे दिए जाते हैं
हॉस्पिटल के चक्कर पे चक्कर लगते हैं 
आपकी जेब हल्की हो चुकी होती है 
कोई दिनों की भागदौड़ के बाद नतीजा आता है 

नतीजे से कई चीज़ें एक साथ होती हैं 
पहले आपकी आँखों के भाव बदल जाते हैं 
चेहरा पर एक ऐसा खौफ़ आता है 
जो बीवी बच्चों ने कभी नहीं देखा था 
इस समाचार को पचाने में कई दिन लग जाते हैं 
इसके बाद बाकी परिवार 
माँ बाप भाई बहन चाचा चाची
मामा मामी भतीजे भांजे
फिर दोस्त, दोस्तों के परिवार 
जान पहचान वाले, बच्चे कच्चे 
जिन्होंने भी आपका नाम सुना है 
या मिले हैं ... 

अब ज़रा सोचिये 
उस छोटी सी दुकान का
एक सस्ता और तुच्छ सा पैकेट
कितने लोगों की ज़िन्दगी में
कितना बड़ा तूफ़ान खड़ा कर सकता है 

रविवार, 8 अगस्त 2021

अरज है इतनी

अरज है इतनी
दरस दिखाओ
... यहाँ आओ या वहां आओ 
घर पे या बाहर ही आओ 
बताओ कब आओगे 
और फिर वादा निभाओ 
कितने दिन हो गए 
हाँ हाँ करते
यहाँ वहां करते 
आज नहीं कल करते 
अभी नहीं फिर कभी कहते 

ज़माने की फिकर है तुमको
तुमसे बहुत काम होगा सबको 
कभी मेरा भी कोई काम कर जाओ 
अब दोस्ती एक तरफ़ा तो नहीं हो सकती 
तुम्हारा नाम अच्छे लोगों में शामिल है 
क्योंकि तुम सबकी मदद करते हो 
पर क्योंकि उन सब में मैं शामिल नहीं हूँ 
इसलिए उन सबको 'सब' नहीं कहा जा सकता 
कभी सोचा है इसके बारे में 
शायद तुम बड़ा सोचते हो 
जहाँ सब शामिल हों वो बड़ा हो गया 
पर मुझे भी शामिल करने से 
वो कुछ ज़्यादा बड़ा हो जायेगा 
और तुम उसे संभाल नहीं पाओगे 
या मेरी वजह से उसकी कीमत कम हो जाएगी 

शायद मैं कुछ ज़यादा ही अक्ल लगा बैठा 
खैर फिर भी 
हो सके तो आओ
दरस दिखाओ 
अरज तो इतनी ही थी

शनिवार, 7 अगस्त 2021

जो था सो था

एक समय था
वो काफी पहले था
मैं अब जैसा हूँ वैसा नहीं था
बहुत छोटा था
छोटे तो सभी होते हैं
पहले जब वो होते हैं
उस वक़्त मुझे पता नहीं था
कि क्या पता होना चाहिए
तब धीरे धीरे पता चल रहा था
क्या ज़रूरी था
क्या नहीं था
क्या कुछ ऐसा था
जो उस वक़्त ज़रूरी था
पर बाद में नहीं होने वाला था
और बहुत कुछ ऐसा था
जो समझ में नहीं आता था
पर ज़रूरी लगता था
शायद बाद में उसकी ज़रुरत पड़ने वाली थी
पर पक्का नहीं था
कि किसी चीज़ की ज़रूरत बाद में पड़ेगी
कितनी बाद में
कुछ दिनों में महीनों में या बरसों में
इतना सोचना नहीं आता था

वक़्त ऐसे ही गुज़र रहा था
कई ग़ैर ज़रूरी चीज़ें
चंद ग़ैर ज़रूरी काम
ज़मीन पर बैठ कर सब जूतों के फीते खोलना
फिर डाल देना
कितना वक़्त होता था
पर मुझे पता ही नहीं था कि
मेरा दिल और दिमाग़ जो करना चाहता था
वो क्या था 
क्या हो सकता था
अगर वो सामने आता तो.. 
तो मैं उसे पहचान सकता था 
पर उस जैसा कुछ कहीं नहीं था
कोई बताने वाला भी नहीं था
मन में कोई नाराज़गी खिन्ननता या उदासी नहीं थी
मैं ख़ुश भी नहीं था

इसका आश्‍वासन भी मैं नहीं दे सकता 

डर नूतन से

ठीक है, ठीक है, माना  । क्या  माना ? यही, कि जनाब ने मुझे बुलाया नहीं था  । तो फिर ये टटपुँजिया सा वाहन लेकर यहाँ क्यों तशरीफ़ लाये हैं? क्या...