याद है मुझको वो परेशान सा चेहरा
वो पसीने के मोती
वो हवा में झूलती जुल्फों की गिरहें
गिरहों से उलझती नाज़ुक सी उंगलियाँ
इधर उधर तकती
हिरन सी निगाहें
जाने क्या ढूंढ रही थीं
के मैं बीच में आ गया
उसकी निगाह गुज़री मुझ पर से
ऐसा लगा जैसे
रुई का नन्हा सा
क़तरा छू गया
मेरे चेहरे को
हवा के एक हल्के से झोंके ने
एक हसीन खुशबू का एहसास
सांसों में जगाया
आंखें बंद हो गयीं
धरती सूरज चाँद आवाजें
सब के कारोबार रुक गए
पहले सारी काएनात थम गयी
फिर खामोश हो गयी
किसने डाले छींटे पानी के
चेहरे पे मेरे
नींद खुल गयी
या होश आ गया
सब कुछ ठीक था
सड़कें, लोग, गाड़ियाँ
बादल, हवा, शोर...
बारिश भी शुरू हो गयी थी